केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित किया गया साइबर अपराध पर जागरूकता कार्यक्रम
BHADOHI NEWS: केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय द्वारा गठित मिशन शक्ति फेज-5 व राष्ट्रीय सेवा योजना एवं औराई पुलिस के संयुक्त तत्वाधान में शनिवार को साइबर अपराध विषयक पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रो.डॉ.रीना सिंह व सीओ प्रभात राय ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया। इस दौरान सीओ प्रभात राय ने कहा कि डिजिटल युग में इंटरनेट हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। लेकिन इसके साथ हीं साइबर अपराध का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। जिसमें ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, हैकिंग और फर्जी कॉल्स जैसी घटनाएं आम लोगों को निशाना बना रहा है। ऐसा भी मामला देखा गया है कि साइबर अपराधी बैंक, यूपीआई ऐप्स या सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर नागरिकों से ओटीपी और पासवर्ड साझा कराकर लोगों के बैंक खाते खाली कर रहे हैं। उन्होंने छात्राओं को सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ओटीपी, पासवर्ड या बैंक डिटेल को किसी से साझा न करें। संदिग्ध कॉल या मैसेज मिलते हीं तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत करें। प्राचार्य प्रो.डॉ.रीना सिंह ने कहा कि हमें जागरूक रहने की और साइबर हाइजीन का पालन करना बेहद जरूरी है। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक औराई रामसरीख गौतम, शशिकांत राय, रणजीत सिंह, विनीत सिंह, भूपेंद्र राय, नम्रता देवी, चंद्रकला देवी व अन्य पुरस्कार के जवान सहित समस्त प्राध्यापक व कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहें।







