पत्रकार एल.एन. सिंह के परिवार को आर्थिक सहायता व निष्पक्ष जांच की मांग
PRAYAGRAJ NEWS: शुक्रवार को आल इंडिया स्माल एण्ड मीडियम न्यूज पेपर फेडरेशन (AISMNF) एवं उप्र पत्रकार मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक प्रतिनिधि मण्डल ने जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा से मुलाकात कर उन्हें मुख्यमंत्री उप्र को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। बता दें कि प्रयागराज के स्थानीय पत्रकार एल. एन. सिंह की असामाजिक तत्वों द्वारा चाकुओं से गोद कर नृशंस हत्या के बाद पूरे मीडिया जगत में शोक और आक्रोश की लहर है। इस जघन्य वारदात ने एक बार फिर से पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
पत्रकारों की बढ़ती असुरक्षा को देखते हुए प्रतिनिधि मण्डल ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उप्र को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की गई। फेडरेशन की ओर से प्रस्तुत मांगों में कहा गया है कि मौजूदा परिस्थितियों में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “पत्रकार सुरक्षा कानून” का शीघ्र लागू किया जाना आवश्यक है। इसके साथ ही मृतक पत्रकार एल. एन. सिंह के परिजनों को सम्मानजनक आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा उनके बच्चों की निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था किए जाने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि एल. एन. सिंह हत्याकांड के अभियुक्तों के खिलाफ कठोर से कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकी जा सके। साथ ही, यह भी मांग की गई है कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त उन पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाए जाएं, जिन्हें अब तक इस सुविधा से वंचित रखा गया है। जिला अधिकारी प्रयागराज से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में अनिल त्रिपाठी महामंत्री , (AIMSNF), परवेज आलम उपाध्यक्ष (AIMSNF), कुलदीप सिंह जिला अध्यक्ष (AIMSNF), एसके मिश्रा वरिष्ठ सदस्य (AIMSNF), दीपक चतुर्वेदी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिला अधिकारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित ज्ञापन को एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रेषित कर दिया।







