ग्रामीणों ने निभाई सक्रिय भूमिका
FATEHPUR NEWS: स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता से भी जुड़ी हुई है। इसी संदेश को लेकर मंगलवार को ब्लॉक धाता, जनपद फतेहपुर के ग्राम सैदपुर पचमई में एसबीआई फाउंडेशन एवं चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत एक विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामीणों ने स्वयं सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले कर किया। गाँव की गलियों और नालियों की सफाई कराई गई। इस दौरान मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने जलभराव से होने वाली बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया आदि की जानकारी देकर जागरूक किया। साथ ही ग्रामीणों को समझाया गया कि व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ पानी और पौष्टिक भोजन से कई बीमारियों को रोका जा सकता है। अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को झाड़ू भी वितरित किए गए ताकि वे अपने आस-पास की सफाई स्वयं कर सकें। इस अभियान में लगभग 200 से अधिक ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी की। इस अवसर पर चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया के मैनेजर मृत्युंजय पाण्डेय ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि यह हमारे जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। जब तक गाँव साफ नहीं होंगे, तब तक स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ नहीं मिल सकता। गाँव की तरक्की स्वच्छता से ही संभव है। जब गाँव साफ होगा तो बीमारियाँ अपने आप कम होंगी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से आशा बहुएँ तथा गाँव के कई लोग उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी यह स्वीकार किया कि पहले वे सफाई को केवल सरकारी जिम्मेदारी मानते थे, लेकिन अब उन्हें एहसास हुआ है कि यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एसबीआई फाउंडेशन एवं चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया की टीम ने बताया कि संस्था द्वारा धाता ब्लॉक में एसबीआईएफ-संजीवनी मोबाइल मेडिकल वैन संचालित की जा रही है, जो ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के साथ-साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य के गहरे संबंध को भी समझा रही है। कार्यक्रम का समापन ग्रामीणों के जोशीले नारों स्वच्छता है तो स्वास्थ्य है के साथ हुआ।







