FATEHPUR NEWS: मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद, साइबर ठगी, महिला उत्पीड़न तथा थाना स्तर पर लंबित प्रार्थना पत्रों से जुड़े प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। महिला संबंधी प्रकरणों में संवेदनशीलता बरतने, साइबर अपराध मामलों में त्वरित तकनीकी कार्रवाई करने तथा राजस्व एवं पुलिस से जुड़े संयुक्त मामलों में समन्वय स्थापित कर समाधान कराने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को न्याय दिलाना और पुलिस व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। जनसुनवाई के दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।







