SIDHARTHNAGAR NEWS: 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सिद्धार्थनगर ने शनिवार को सीमा चौकी धनौरा में सीमावर्ती प्राथमिक विद्यालय, धनौरा मुस्तकम के छात्र-छात्राओं को ‘सीमा दर्शन’ कराया। यह भ्रमण बल द्वारा जनता से जुड़ने और उन्हें राष्ट्र के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
सीमा चौकी धनौरा के प्रभारी निरीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में छात्रों को एसएसबी के नवीनतम उपकरण और हथियार दिखाए गए, साथ ही उनकी दिनचर्या ड्यूटी के बारे में जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य छात्रों में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करना और उन्हें भविष्य में राष्ट्र सेवा के लिए प्रोत्साहित करना था। एसएसबी भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती गांवों में जन कल्याणकारी कार्यक्रमों, जैसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर, कौशल विकास, खेल-कूद को बढ़ावा देने और शैक्षिक भ्रमण आदि का आयोजन करती रहती है। इस कार्यक्रम के दौरान, छात्रों के बीच केंद्रीय बलों और पुलिस के कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों पर एक वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर एसएसबी कर्मियों के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।







