SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित घोरहिया नदी घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगे मेले में बुधवार को एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के जवानों ने बहादुरी का परिचय देते हुए एक डूबते हुए किशोर की जान बचाई। पिलर संख्या 566 के पास आयोजित इस मेले में भारत और नेपाल के सीमाई कस्बों से लोग स्नान और दर्शन के लिए भारी संख्या में पहुंचे थे।
बताया गया कि मेला देखने गए नेपाल के कृष्णानगर कस्बा निवासी विजय पत्थरकट्ट (पुत्र अजय पत्थरकट्ट) नदी में स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसकी चीख-पुकार सुनकर घाट पर हड़कंप मच गया। संयोग से, उसी क्षेत्र में गश्त कर रहे एसएसबी की टीम, जिसमें जवान प्रदीप सिंह, रमेश कुमार और सैफली शामिल थे, तत्काल मौके पर पहुंची। तीनों जवानों ने जान की परवाह न करते हुए फौरन नदी में छलांग लगा दी और बड़ी मशक्कत के बाद किशोर को बाहर निकाला। जवानों ने उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, जिससे उसकी हालत में सुधार आया। स्थिति सामान्य होने पर, एसएसबी जवानों ने मानवता दिखाते हुए किशोर को सुरक्षित नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। एसएसबी के जवानों की इस त्वरित कार्रवाई और साहसी कदम की स्थानीय लोगों ने खुले दिल से सराहना की और उन्हें देवदूत बताया।







