Home इटावा एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव की कार्यशैली के समर्थन में उतरे किसान संगठन

एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव की कार्यशैली के समर्थन में उतरे किसान संगठन

बोले –“सादगी और संवेदना के प्रतीक हैं हमारे कप्तान”

ETAWA NEWS: इटावा के एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव के खिलाफ हाल ही में एक प्रकरण को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया गया। आरोप लगाया गया था कि उनकी मां की तबीयत खराब होने की सूचना पर दो पुलिसकर्मियों ने रात 12 बजे जिला अस्पताल से जबरन एक डॉक्टर को बुला लिया। इस घटना को लेकर एसएसपी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव ने  पूरी घटना के लिए खेद जताया और असुविधा के लिए माफी मांगी। मानवीय संवेदना का इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है कि जिले का पुलिस कप्तान स्वयं चिकित्सक से क्षमा याचना करे। इसी बीच, इस मामले को लेकर किसान संगठनों ने एसएसपी के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी। किसान नेता एवं जिला अध्यक्ष संजेश कुमार  यादव ने कहा – “बृजेश श्रीवास्तव एक ईमानदार, सादगीपूर्ण और संवेदनशील अधिकारी हैं। कुछ लोग नहीं चाहते कि वह इस जिले में रहकर जनता की सेवा करें, इसलिए यह सब एक सुनियोजित साजिश है।” किसान संगठनों ने कहा कि जिले की जनता न्याय के लिए सबसे पहले एसएसपी श्रीवास्तव के पास जाती है, क्योंकि वह सरलता से लोगों की बात सुनते हैं और तत्काल समाधान भी कराते हैं। संगठनों ने इस पूरे विवाद को “बड़ी साजिश” करार देते हुए साफ कहा कि वास्तव में डॉक्टर को जबरन नहीं बल्कि सम्मानपूर्वक बुलाया गया था और फिर छोड़ भी दिया गया। ग्रामीणों और किसान नेताओं का कहना है कि एक ऐसा अधिकारी, जो न केवल सख्ती से अपराध पर नकेल कसता है बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ जनता और प्रशासन दोनों को साथ लेकर चलता है, उसे बदनाम करने की कोशिश कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।