बमरौली एयरपोर्ट पर 3 बजे से परिजनों, मीडिया कर्मियों, राजनेताओं, शुभचिंतकों का रहा भारी जमावड़ा
PRAYAGRAJ NEWS: (इरफान खान) भारत की मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) खिलाड़ी खुशबू निषाद ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए IMMAF एशियन MMA चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। प्रतियोगिता का आयोजन लेबनान में किया गया था, जिसमें एशिया के कई देशों के प्रमुख फाइटर्स ने हिस्सा लिया था। शनिवार को शाम 4 बजे भारत लौटी गोल्ड मेडलिस्ट खुशबू निषाद का स्वागत बमरौली एयरपोर्ट पर परिजनों एवं वहां मौजूद उनके चाहने वालों ने फूल मालाओं के साथ उनका जगह- जगह स्वागत एवं अभिनन्दन किया। इस दौरान एयरपोर्ट पर मीडिया का भी जमावड़ा रहा।आपको बता दें कि खुशबू ने 47.6 किलोग्राम एटमवेट वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ताजिकिस्तान की प्रतिद्वंद्वी को फ़ाइनल मुकाबले में पराजित किया था। खुशबू ने बताया कि इस जीत का पूरा श्रेय मेरे माता पिता को जाता है।
मूल रूप से प्रयागराज के सदियापुर करैला बाग की निवासी खुशबू निषाद लंबे समय से MMA प्रशिक्षण में जुटी हुई हैं और इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय सफलता से जिले में हर्ष की लहर है। परिवार, कोच और खेल प्रेमियों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। वहीं खुशबू के स्वर्ण पदक जीतने के बाद राज्य व राष्ट्रीय स्तर के कई खेल संगठनों ने उन्हें बधाई संदेश भेजे हैं। स्थानीय खेल अधिकारी जल्द ही उनके सम्मान में समारोह आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं। एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर खुशबू ने न केवल भारत का गौरव बढ़ाया है, बल्कि महिला फाइटर्स के लिए एक नई प्रेरणा भी स्थापित की है।







