CHUNAR/MIRZAPUR बुधवार को एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स ट्रस्ट नर्सिंग कॉलेज एवं एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज़ चुनार में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित “कैंपस कॉलिंग – POSH जागरूकता कार्यशाला” के अंतर्गत एक भव्य एवं जागरूकता परक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो. गोपी एस. एस. ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में सुरक्षित, सम्मानजनक एवं लैंगिक संवेदनशील वातावरण का निर्माण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं समान अधिकारों की रक्षा प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, प्रतिषेध एवं निवारण (POSH) तथा आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, लैंगिक समानता, महिला सशक्तिकरण एवं सरकारी योजनाओं के विषय में भी जागरूक किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा लैंगिक संवेदनशीलता हेतु संकल्प भी लिया गया, जिसमें सभी ने प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देने, किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने तथा संस्थान में सुरक्षित एवं सम्मानपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, विभागाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सम्मान, समानता और सुरक्षा ही सशक्त समाज की पहचान है। जागरूकता ही परिवर्तन का पहला कदम है।”








