KAUSHAMBI NEWS: राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) का परिणाम रविवार को घोषित कर दिया गया। परिणाम जारी होते ही जनपद के कई विद्यालयों में खुशी का माहौल रहा। सिराथू ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय जमालमऊ के छात्र योगेंद्र कुमार ने जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। वहीं इसी विद्यालय के छात्र सोनू ने 33वीं रैंक हासिल की। इसी क्रम में मूरतगंज ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय उजिहिनी खालसा के छात्र सतीश दिवाकर ने जनपद में 29वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। छात्र की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। शिक्षकों ने बताया कि बच्चों की मेहनत और नियमित मार्गदर्शन के कारण यह सफलता मिली है।
परीक्षा के नोडल प्रभारी चंद्रबली रैना ने बताया कि इस परीक्षा में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कक्षा आठ में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह परीक्षा आयोजित की जाती है। जानकारी के अनुसार जनपद में आयोजित इस परीक्षा के लिए कुल 5699 छात्रों ने आवेदन किया था, जिनके सापेक्ष 3546 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया। परिणाम घोषित होने के बाद जनपद में निर्धारित 105 सीटों के सापेक्ष 105 छात्रों का चयन किया गया है। विद्यालय के शिक्षक सौरव श्रीवास्तव ने बताया कि योगेंद्र कुमार के जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने से विद्यालय के साथ पूरे क्षेत्र को गौरव की अनुभूति हुई है। वहीं शिक्षक संदीप शर्मा ने बताया कि सतीश दिवाकर की सफलता से अन्य छात्र भी प्रेरित होंगे और आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित होंगे। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयनित छात्रों को कक्षा 9 से 12 तक प्रति माह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस प्रकार चार वर्षों में छात्रों को कुल 48 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई में आर्थिक बाधा न आए और वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।







