तीन घंटे बाद मिला 3 साल के मासूम का शव, राजस्थान ले गए परिजन
JALAUN NEWS: शहर में रविवार को एक दुखद घटना सामने आई। मोहल्ला उमरारखेरा के रपटा पुल पर तीन साल का बच्चा शिवम तीन पहिया साइकिल से खेल रहा था। सुबह करीब 11 बजे वह पुल के किनारे से फिसलकर गहरे नाले में गिर गया। पानी के तेज बहाव में बच्चा बह गया। परिजन और मोहल्लेवासी उसे खोजते रहे। करीब तीन घंटे बाद गढ़ी मंदिर पुल के नीचे शिवम का शव मिला। उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवम के पिता प्रकाश (36) मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। वह कई सालों से उरई में फालूदा-कुल्फी का कारोबार करते हैं। पत्नी लक्ष्मी देवी के साथ छोटे से मकान में रहते हैं। शिवम उनका इकलौता बेटा था। बच्चे की मौत की खबर से घर में मातम छा गया। मां बार-बार बेटे का नाम पुकार रही थीं। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराये बच्चें का शव घर ले गए। उरई की सीओ अर्चना सिंह के अनुसार परिजनों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। वे बिना किसी औपचारिक कार्रवाई के शव को राजस्थान ले गए हैं।







