Home उत्तर प्रदेश उप्र में शिवसेना के नए सियासी दौर की शुरुआत

उप्र में शिवसेना के नए सियासी दौर की शुरुआत

निषाद पार्टी के संकल्प दिवस में शामिल हुए शिवसेना एनडीए चुनाव गठबंधन के मुख्य समन्वयक डॉ. अभिषेक वर्मा
PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश की राजनीति में शिवसेना अब केवल औपचारिक उपस्थिति तक सीमित नहीं रही बल्कि संगठनात्मक मजबूती और स्पष्ट रणनीति के साथ नए सियासी दौर की शुरुआत कर चुकी है। निषाद पार्टी के संकल्प दिवस के अवसर पर लखनऊ में उभरे राजनीतिक घटनाक्रम ने यह साफ कर दिया कि महाराष्ट्र के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी शिवसेना अपने संगठन को ठोस आधार देने में सफल हो रही है। लखनऊ एयरपोर्ट से ही इस बदलाव की झलक देखने को मिली, जहां शिवसेना उत्तर प्रदेश के राज्य प्रमुख अभय द्विवेदी, प्रदेश सचिव रुचि अभिषेक तिवारी सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी एक साथ उपस्थित रहे। यह दृश्य महज स्वागत तक सीमित नहीं था, बल्कि अनुशासन, एकजुटता और संगठनात्मक परिपक्वता का सार्वजनिक संकेत था। निषाद पार्टी के संकल्प दिवस के मंच पर एनडीए गठबंधन के उत्तर प्रदेश के सभी सहयोगी दलों के नेताओं के बीच आत्मीय समन्वय और रणनीतिक संवाद देखने को मिला। इस अवसर पर राजनीति का शोर नहीं बल्कि स्थिर नेतृत्व और भरोसेमंद साझेदारी की तस्वीर उभरकर सामने आई। कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि शिवसेना एनडीए चुनाव गठबंधन के मुख्य समन्वयक डॉ. अभिषेक वर्मा थे। उनकी उपस्थिति ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि शिवसेना उत्तर प्रदेश में केवल विस्तार की राजनीति नहीं कर रही बल्कि राष्ट्रीय रणनीति के अनुरूप संगठन को मजबूत दिशा देने की ओर अग्रसर है। डॉ. वर्मा का राजनीतिक और वैचारिक व्यक्तित्व एक सशक्त विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। उनके पिता स्व श्रीकांत वर्मा देश के प्रतिष्ठित कवि और राज्यसभा सांसद रहे, जबकि उनकी माता जी भी कई बार सांसद रह चुकी हैं। ऐसे में उनका उत्तर प्रदेश आगमन शिवसेना के प्रदेशीय राजनीतिक इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है। इस दौरान डॉ. अभिषेक वर्मा ने 18 दिसंबर से 4 जनवरी तक चली सेवा संकल्प यात्रा के लिए प्रयागराज की यमुना पार मेजा विधानसभा से जुड़ी शिवसेना नेत्री रुचि तिवारी की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने नारी शक्ति को केंद्र में रखकर सेवा और संगठनात्मक कार्यों को और सशक्त करने का आह्वान भी किया। प्रदेश प्रमुख अभय द्विवेदी का नेतृत्व जहां शिवसेना की प्रशासनिक मजबूती और राजनीतिक संतुलन का प्रतीक बनकर उभरा, वहीं रुचि अभिषेक तिवारी की सक्रिय भूमिका नारी नेतृत्व, संस्कार और संगठनात्मक संवेदनशीलता का सशक्त उदाहरण बनी। यह आयोजन भले ही चुनावी मंच ना रहा हो लेकिन इसका संदेश पूरी तरह स्पष्ट था कि शिवसेना अब उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक रूप से सशक्त, रणनीतिक रूप से सजग और राष्ट्रीय राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। कार्यक्रम में महासचिव लल्लन दुबे, उप राज्य प्रमुख स्नेहल करमरकर, बहराइच जिला प्रमुख अर्जुन पंडित, लखनऊ जिला प्रभारी आनंद राय, ललितपुर जिला प्रमुख राकेश नामदेव और जौनपुर जिला प्रमुख नागेश दुबे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।