Home उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का कमिश्नर व आईजी ने किया निरीक्षण

उपनिरीक्षक पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का कमिश्नर व आईजी ने किया निरीक्षण

डीएम व एसपी के साथ उन्होंने परीक्षा केंद्र काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का निरीक्षण कर संबंधित को दिए दिशा-निर्देश

BHADOHI NEWS: विंध्याचल मंडल, मिर्जापुर के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) आरपी सिंह, जिलाधिकारी शैलेष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ज्ञानपुर में आयोजित उपनिरीक्षक पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा केंद्र पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, शुचिता एवं निष्पक्षता के साथ कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए। मंडलायुक्त ने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोका जा सके। आईजी आरपी सिंह ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। केंद्र के आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। डीएम शैलेश कुमार ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी प्रवेश द्वारों पर कड़ी जांच की जा रही है तथा परीक्षा केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, परीक्षा केंद्र के प्रभारी तथा पुलिस प्रशासन उपस्थित रहे।