PRAYAGRAJ NEWS: नव संवत्सर 2083 के पावन अवसर पर 19 मार्च (गुरुवार) को प्रातः 05 बजे से 07 बजे तक हनुमत निकेतन प्रांगण (हनुमान मंदिर, सिविल लाइंस, प्रयागराज) में आयोजित होने वाले भव्य “उद्घोष-2083, हिन्दू नववर्ष स्वागत उत्सव” की तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो गई हैं।कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने हेतु आज महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ 50 से अधिक स्वयंसेवकों की सक्रिय उपस्थिति रही। बैठक में मंच व्यवस्था, शंखनाद कार्यक्रम, जलांजलि, अतिथि स्वागत, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश एवं जनसंपर्क की विस्तृत जिम्मेदारियाँ निर्धारित की गईं। संयोजक डॉ. बी. बी. अग्रवाल ने सभी स्वयंसेवकों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने समस्त प्रयागराजवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर नववर्ष के इस स्वागत उत्सव में सहभागी बनने का आग्रह किया।आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में प्रातःकालीन ईशवंदन, स्वस्ति वाचन, सामूहिक शंखनाद एवं नव संवत्सर अभिनंदन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।







