Home उत्तर प्रदेश उत्तर पश्चिम रेलवे संरक्षा ऑडिट टीम ने झाँसी-ग्वालियर सेक्शन का किया निरीक्षण

उत्तर पश्चिम रेलवे संरक्षा ऑडिट टीम ने झाँसी-ग्वालियर सेक्शन का किया निरीक्षण

JHANSI: उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर के मुख्य संरक्षा अधिकारी आर.एस. रनौत के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय संरक्षा ऑडिट टीम द्वारा दिनांक 18 एवं 19 जून को झाँसी मंडल के अंतर्गत झाँसी एवं झाँसी-ग्वालियर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण एवं संरक्षा ऑडिट किया गया। इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नन्दीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं संरक्षा सलाहकार उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा संरक्षा मानकों, संचालन प्रणाली, संरचनात्मक स्थिरता, सिग्नलिंग व्यवस्था, स्टेशन प्रबंधन एवं ट्रैक रखरखाव से संबंधित बिंदुओं का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। टीम ने झाँसी मंडल द्वारा किए गए संरक्षा उपायों की सराहना की एवं आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी प्रदान किए। रेल प्रशासन द्वारा संरक्षा संबंधी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है एवं यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।