Home उत्तर प्रदेश ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में हुआ विवाद, एक नाबालिग गिरफ्तार

ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में हुआ विवाद, एक नाबालिग गिरफ्तार

SIDHARTHNAGAR NEWS: शुक्रवार को नगर पंचायत शोहरतगढ़ में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। यह घटना गड़ाकुल इलाके में हुई। हालात बिगड़ते देख, मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वरी मणि त्रिपाठी ने खुद मोर्चा संभालकर लोगों को शांत करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस ने एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन पहले से तैनात अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से स्थिति को जल्दी ही काबू में कर लिया गया और एक बड़ी घटना टल गई।
बता दें कि शोहरतगढ़ को एक संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहाँ पहले भी कई बार हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच तनाव हो चुका है। यही वजह थी कि प्रशासन ने एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल पहले से ही तैनात किया हुआ था। विवाद और भगदड़ की खबर फैलते ही इलाके में दहशत फैल गई और अफवाहें उड़ने लगीं, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर लोगों को भरोसा दिलाया कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। घटना के बाद गड़ाकुल और शोहरतगढ़ कस्बे में गश्त बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस ने उपद्रव फैलाने वालों की पहचान करने के लिए जुलूस के वीडियो फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।