वरिष्ठ कांग्रेसी नेता को मिली नई जिम्मेदारी, शीर्ष नेतृत्व ने जताया भरोसा
SIDDHARTHNAGAR NEWS: जनपद के बढ़नी ब्लॉक स्थित दुधवनिया बुजुर्ग के निवासी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस्तियाक चौधरी को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी का बढ़नी ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके इस मनोनयन से स्थानीय कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इस्तियाक चौधरी कांग्रेस संगठन में एक अनुभवी चेहरा हैं। इस नई जिम्मेदारी से पूर्व भी वह पार्टी में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने यूथ कांग्रेस के तहसील महामंत्री और संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष जैसे पदों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है, जिससे उन्हें जमीनी स्तर पर संगठन की गहरी समझ और कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रियता हासिल है। उनके मनोनयन पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष काजी सुहैल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पंकज चतुर्वेदी, पंकज जयसवाल, भोला पांडेय, डॉक्टर अरविंद शुक्ला, कृष्णा ब्रह्मादुर सिंह, अनीश, पूर्व सांसद मुहम्मद मुकीम और किरण शुक्ला सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। नेताओं ने विश्वास जताया कि इस्तियाक चौधरी के नेतृत्व में बढ़नी ब्लॉक में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करेगा।





