ETAWA NEWS: जिले की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। कांग्रेस पार्टी के नौ कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी रोष है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रशांत तिवारी ने कोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी की सरकार कांग्रेस पार्टी से इतनी डरी हुई है कि अब लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने के लिए झूठे मुकदमे दर्ज करवा रही है।” उन्होंने बताया कि इटावा कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा की वरिष्ठ नेता सरिता भदौरिया अपने समर्थकों के साथ ज़बरन घुस आईं और तोड़फोड़ की नीयत से माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, तभी पुलिस ने उल्टा नौ कांग्रेसियों पर झूठा 307 का मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रशांत तिवारी ने कहा कि इस घटना का वीडियो सबूत के तौर पर मौजूद है, जिससे साफ़ होता है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि “यह प्रशासन भाजपा का गुलाम बन चुका है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। जेल और मुकदमों से घबराने के बजाय हम और मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे।” कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा लोकतंत्र की आवाज़ दबाने का काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस हर हाल में जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।







