ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जा हटवाकर बनाएंगी खेल पार्क
FATEPUR NEWS: जनपद के बहुआ ब्लॉक स्थित सुजानपुर गांव में ग्राम समाज की जमीन से अवैध कब्जा हटाने के बाद बच्चों के लिए खेल पार्क का निर्माण किया जाएगा। यह गांव प्रदेश सरकार द्वारा महिला हितैषी गांव के रूप में चयनित किया गया है। यहां पहले से ही एक डिजिटल सरकारी स्कूल मौजूद है। ग्राम प्रधान और गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने बताया कि खेल पार्क के लिए आवश्यक सामान मंगवा लिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला ग्राम प्रधान के रूप में उन्होंने गांव के विकास के लिए अवैध कब्जेदारों के खिलाफ आवाज उठाई और कुछ सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराया। वर्तमान में गांव में लगभग तीन से चार बीघा ग्राम समाज की जमीन पर दबंगों का कब्जा है। इस संबंध में ग्राम प्रधान जिलाधिकारी से मिलकर कब्जेदारों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलवाने की मांग करेंगी। हेमलता पटेल ने बताया कि अवैध कब्जेदारों के खिलाफ शिकायत करने के बाद उनके विरुद्ध झूठी शिकायतें भी की जा रही हैं। हालांकि, जांच के लिए आए अधिकारियों ने इन शिकायतों को फर्जी पाया।







