Home उत्तर प्रदेश आमजन की समस्याओं का करें समयबद्ध समाधानःडीएम

आमजन की समस्याओं का करें समयबद्ध समाधानःडीएम

जनता दर्शन में डीएम शैलेश कुमार के तेवर सख्त, लापरवाह अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

BHADOHI NEWS: डीएम शैलेश कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सरपतहां सभाकक्ष में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। वीडियो कॉलिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान प्राप्त शिकायतों पर डीएम ने सीधे विभागीय अधिकारियों से लाइव संवाद स्थापित कर प्रकरणों की वस्तुस्थिति जानी तथा स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किए जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम के तेवर उस समय तल्ख हो गए जब कुछ प्रकरणों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करें। यदि किसी भी अधिकारी द्वारा कार्य में शिथिलता, उदासीनता या लापरवाही पाई गई तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभागाध्यक्ष नियमित रूप से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करें तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही यह भी कहा कि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू की जाए। जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, पेंशन एवं भूमि विवाद आदि प्रकरण सामने आए, जिनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली स्वीकार्य नहीं है और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह एवं परिणामोन्मुखी कार्यसंस्कृति अपनाई जाए। इस मौके पर एडीएम (न्यायिक) विजय नारायण सिंह एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।