BHADOHI NEWS: शहादत दिवस के मौके पर सोमवार को आम आदमी पार्टी द्वारा नगर के अयोध्यापुरी कालोनी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें देश के अमर शहीद भगतसिंह, राजगुरु व सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जहां उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान पार्टी के काशी प्रांत महासचिव मनोज गुप्ता ने कहा कि इन वीर सपूतों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। शहीदों ने जिस भारत का सपना देखा था, वह आज भी अधूरा है और उसे पूरा करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। जिला सचिव विनय कुमार बिंद ने कहा कि आज के युवाओं को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के निर्माण में आगे आना चाहिए। समाजवादी चिंतक राम मनोहर लोहिया की जयंती पर उन्हें याद करते हुए अरुण पासवान ने कहा कि लोहिया जी के विचार आज भी देश के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। सामाजिक न्याय, समानता और गरीबों के अधिकारों की रक्षा ही सच्चे अर्थों में लोहिया जी को श्रद्धांजलि होगी। वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली यह दर्शाती है कि सरकारें लोहिया जी के समाजवादी सिद्धांतों से पूरी तरह दूर हो चुकी हैं। इस मौके पर कमलेश गौतम, शिवकुमार मौर्य, सरताज अंसारी, सोहन गौतम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।







