MIRZAPUR NEWS: विकासखंड पहाड़ी ब्लॉक मुख्यालय स्थित आधार कार्ड संशोधन केंद्र की लापरवाही से गरीब और जरूरतमंद जनता का गुस्सा उबल रहा है। केंद्र के अनियमित बंद रहने से लोग दिनभर लाइन में लगकर भी खाली हाथ लौट रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारी समय पर आते नहीं और ढाढ़ीराम प्राइवेट जन सेवा केंद्र पर भेज देते है। जहां खुलेआम ₹400 तक की वसूली हो रही है। अधिवक्ता अद्भुत प्रकाश त्रिपाठी बताया कि कई दिनों से बच्चों का आधार बनवाने दौड़ लगा रहे हैं, मगर अफसर गायब मिलते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आधार कार्ड बनवाने के नाम पर जमकर चूना लगाया जा रहा है। पत्रकारों और नेताओं ने कई बार आवाज उठाई, पर हालात जस के तस हैं। लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई और नियमित आधार सेवा की मांग को लेकर जनता ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश महासचिव अनीश कुमार ओझा ने कहा, पहाड़ी ब्लॉक के पड़री ग्राम सभा में आधार केंद्र नहीं चल रहा है ये शर्मनाक है। चंद पैसों के लिए जनता को परेशान किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है।







