Home इटावा आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शहर में निकली तिरंगा यात्रा

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शहर में निकली तिरंगा यात्रा

डीएम ने झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को किया रवाना यात्रा

ETAWA NEWS: आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, पूर्व सैनिक संगठन और एनसीसी कैडेट्स की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राएं, पूर्व सैनिक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने जिला सैनिक कल्याण बोर्ड परिसर से हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में जोश और उमंग देखने लायक था। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय हिंद के नारे लगाए। इससे पूरे शहर का माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। एनसीसी कैडेट्स की अनुशासित पंक्तियां, पूर्व सैनिकों का गरिमामय योगदान और बच्चों का उल्लास इस यात्रा की विशेष पहचान रही। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय पर्व का हिस्सा नहीं है। यह देश के प्रति सम्मान और गर्व की भावना का प्रतीक है। उन्होंने सभी जनपदवासियों से अपील की कि 13, 14 और 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं। साथ ही राष्ट्रप्रेम से जुड़े आयोजनों में मनोयोग से भाग लें। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाना था। तिरंगा यात्रा के अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।