Home उत्तर प्रदेश आकांक्षा हाट कार्यक्रम में उत्कृष्ट किसानों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को किया गया...

आकांक्षा हाट कार्यक्रम में उत्कृष्ट किसानों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को किया गया सम्मानित

JAUNPUR NEWS: शासन के निर्देशानुसार जनपद में 28 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित आकांक्षा हाट कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया और बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने बताया कि नीति आयोग के निर्देश पर मछलीशहर और रामपुर को आकांक्षात्मक विकास खंड के रूप में चयनित किया गया है। उन्होंने किसानों को जैविक खेती, फल-फूल, सब्जी उत्पादन और पशुपालन को बढ़ावा देने की अपील की। कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुरेश कन्नौजिया ने डीएसआर विधि से धान की खेती पर जानकारी दी। डिप्टी पीडी आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव ने आधुनिक तकनीकों से खेती की जानकारी दी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट किसानों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय समेत सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।