Home उत्तर प्रदेश अश्लील चैट और छेड़छाड़ से परेशान होकर छात्रा ने दी थाने में...

अश्लील चैट और छेड़छाड़ से परेशान होकर छात्रा ने दी थाने में तहरीर

MIRZAPUR NEWS:  (सुनील कुमार गुप्ता)  कोतवाली कटरा क्षेत्र की एक स्नातक छात्रा ने मोहल्ले के ही युवक पर अश्लील टिप्पणी, अश्लील फोटो और चैट भेजने के साथ ही रास्ते में छेड़छाड़ करने का आरोप में महिला थाना में प्रार्थना पत्र देकर कार्यवाही की मांग की। हरना की गली निवासी छात्रा ने महिला थाने में तहरीर देकर बताया कि वह स्नातक की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है, जिसके कारण उसे घर से बाहर आना-जाना पड़ता है। इसी दौरान मोहल्ले का युवक ईशू ओझा उर्फ फन्नू उस पर अश्लील टिप्पणी और इशारे करता था। लोकलाज के कारण छात्रा ने शुरुआत में इन हरकतों को नजरअंदाज किया, जिससे आरोपी का मनोबल बढ़ता गया। मनबढ़ ने किसी तरह उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और उसके फोन पर अश्लील फोटो, चैट और आपत्तिजनक संदेश भेजने लगा। 25 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:40 बजे आरोपी ने उसकी फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कई लोगों को भेज दी। इसकी जानकारी होने पर छात्रा ने अपने परिजनों को बताया। परिजनों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक और उसके परिवार के लोग मारपीट पर उतारू हो गए। छात्रा का कहना है कि उसने 26 फरवरी को कोतवाली कटरा में शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।आरोपी खुलेआम मोहल्ले में उसे और उसके परिवार को धमका रहा है।