Home उत्तर प्रदेश अवैध तमंचे के साथ इनामी हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

अवैध तमंचे के साथ इनामी हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

पुलिस, एसओजी व इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त कार्रवाई

50 हजार का इनामी आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, एक तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद
FATEHPUR NEWS:  जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के क्रम में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी एवं इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 24 मार्च 2026 को कोड़ेरवा गांव में एक महिला की हत्या के मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में नामजद आरोपी सोनू यादव पुत्र मनबोध, निवासी कोड़ेरवा, फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। बताया गया कि 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:25 बजे प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, एसओजी व इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम संदिग्ध स्थानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान चौफेरवा एनटीपीसी हाइवे के पास जंगल क्षेत्र में आरोपी की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सोनू यादव के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घटना के संबंध में थाना कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर संत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम, इंटेलिजेंस विंग के विनोद मिश्रा तथा एसओजी टीम के सदस्य शामिल रहे। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।