FATEHPUR NEWS: जनपद एवं तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह तथा पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने खान अधिकारी से जनपद में संचालित खनन क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन न होने पाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अवैध खनन एवं अति-भारित (ओवरलोडिंग) वाहनों के विरुद्ध संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाए। खनन क्षेत्रों में नियमानुसार खनिज चौकियों की स्थापना सुनिश्चित की जाए तथा नगर क्षेत्र के भीतर खनिज का परिवहन पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि तहसील एवं थाना स्तर पर गठित प्रवर्तन दल पूर्ण रूप से सक्रिय रहें तथा मार्गों के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई की जाए। साथ ही खनिज परिवहन में संलग्न सभी वाहनों द्वारा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), उपजिलाधिकारी खागा एवं बिंदकी, तहसीलदार सदर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), खान निरीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे हैं।







