JHANSI NEWS: त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 में परिषदीय शिक्षकों की बीएलओ ड्यूटी लगा दी गई है। जबकि विभिन्न शासनादेश और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश में शिक्षकों से गैर शैक्षणिक कार्य कराए जाने पर रोक लगाई हुई है। इस मामले में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल प्रांतीय उपाध्यक्ष / जिलाध्यक्ष जितेन्द्र दीक्षित के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी प्रशासन से मिला। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इस समय विद्यालय में निपुण भारत मिशन, स्कूल चलो अभियान, ऑपरेशन कायाकल्प, ई पाठशाला, सामुदायिक सहभागिता, शारदा अभियान, संचारी रोग जागरूकता अभियान, समेकित शिक्षा, डीबीटी, दीक्षा एप्प आदि पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से बीएलओ का कार्य लेने से शिक्षण प्रभावित होगा। कई विद्यालय एकल होने की समस्या से जूझेंगे, तो वहीं दिव्यांग शिक्षकों को भी बीएलओ में लगाने से समस्या आएगी। शिक्षक नेताओं ने कहा कि पंचायत सहायक कर्मियों को बीएलओ के रूप में नियुक्त किया जाए। क्योंकि वह स्थानीय होते हैं; इसके कारण भौगोलिक स्थितियों से भली भांति अवगत होते हैं। साथ ही अत्याधुनिक तकनीक में भी दक्ष होते हैं। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन से शिक्षकों को मुक्त रखने की मांग की। इस दौरान जिला मंत्री मृत्युंजय सिंह, प्रवक्ता अब्दुल नोमान, संयुक्त मंत्री शिवकुमार पाराशर, मोहित मिश्रा, अमरपाल सिंह, उमेश पाराशर, शेख जुहैब, रामराजा शिवहरे आदि मौजूद रहे।







