Home उत्तर प्रदेश अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सैनिक बन्धु की बैठक सम्पन्न

अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सैनिक बन्धु की बैठक सम्पन्न

पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुई चर्चा

FATEHPUR NEWS: शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला सैनिक बन्धु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान भूमि विवाद, पुलिस सुरक्षा, बैंक ऋण, पेंशन, शिक्षा, चिकित्सा सुविधाएं, वित्तीय सहायता समेत सैनिकों से प्राप्त अन्य शिकायतों पर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व में आयोजित जिला सैनिक बन्धु की बैठक में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी कर्नल दिनेश कुमार शर्मा (अ.प्रा.), जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी एवं उपस्थित पूर्व सैनिकों को दी गई। इस बैठक में कुल 05 नए प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा आईजीआरएस के माध्यम से संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में नायब तहसीलदार सदर, क्षेत्राधिकारी जाफरगंज, एनसीसी, अपर चिकित्साधिकारी, सेवायोजन अधिकारी, सप्लाई डिपो प्रयागराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित भी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। अपर जिलाधिकारी डॉ. अविनाश त्रिपाठी ने कहा कि देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है और जिला प्रशासन हर संभव प्रयास कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेगा।