PRATAPGARH NEWS: उत्तर प्रदेश। प्रतापगढ़ में मानवता की मिसाल पेश करते हुए जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने अनाथ हुए एक परिवार की सहायता के लिए त्वरित कदम उठाए। कैम्प कार्यालय में पहुंचे कोडरा मादूपुर (थाना लीलापुर) निवासी 20 वर्षीय गोल्डी की समस्याओं को सुनते हुए उन्होंने तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की। बताया गया कि 02 फरवरी 2026 को एक सड़क दुर्घटना में गोल्डी के पिता बड़े लाल और माता कमला देवी की मृत्यु हो गई थी। इस हादसे के बाद गोल्डी समेत उनकी बहन गुंजन (17 वर्ष), प्रियम (15 वर्ष), वर्षा (8 वर्ष) और भाई आज़ाद (12 वर्ष) पूरी तरह से बेसहारा हो गए। परिवार की आय का कोई स्थायी साधन न होने से बच्चों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। वर्तमान में सभी भाई-बहन जर्जर मकान में रहने को मजबूर हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही आर्थिक सहायता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि गोल्डी को कस्तूरबा गांधी विद्यालय में रसोइया के पद पर नियुक्त किया जाए, ताकि उन्हें रोजगार मिल सके। इसके अलावा जिला पूर्ति अधिकारी को राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिए गए, जिससे बच्चों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके। वहीं, परियोजना निदेशक को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत परिवार को आवास उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। जिलाधिकारी के इस संवेदनशील कदम से जरूरतमंद परिवार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।







