विधायक जाहिद बेग ने प्रमुख सचिव न्याय एवं विधि से मिलकर सौंपा ज्ञापन
BHADOHI NEWS: समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव न्याय एवं विधि विनोद सिंह रावत से लखनऊ में मुलाकात की। जहां पर उन्होंने प्रमुख सचिव से डिस्ट्रिक्ट कोर्ट सरपतहां ज्ञानपुर भदोही में अधिवक्ता चैंबर की बिल्डिंग बनवाएं जाने की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपाकर बिल्डिंग निर्माण के लिए धन अवमुक्त करने की मांग की। विधायक जाहिद बेग ने कहा कि जनपद भदोही के जिला सत्र न्यायालय का ज्ञानपुर के सरपतहां में निर्माण तो हो गया है। जहां पर नियमित रूप से कोर्ट चल रहा है। लेकिन अभी तक डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में अधिवक्ताओं को बैठने के लिए चैंबर की बिल्डिंग का निर्माण नहीं कराया गया। विधायक ने कहा कि जबकि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मुख्यालय सरपतहां ज्ञानपुर भदोही की बिल्डिंग के लिए के प्रस्ताव व नक्शा उच्च न्यायालय के माध्यम से प्रधान सचिव विधिक उत्तर प्रदेश को इसी वर्ष 31 जनवरी को भेजा गया था। जो आज भी विचाराधीन है। जिसके चलते अधिवक्ता टीन शेड में रहकर बैठने को विवश होना पड़ रहा हैं। श्री बेग ने कहा कि इसके चलते वकीलों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अधिवक्ताओं की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन जनपद भदोही के बिल्डिंग निर्माण के लिए धन अवमुक्त कराया जाएं। ताकि शीघ्र ही डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में अधिवक्ताओं को बैठने के लिए चैंबर की बिल्डिंग का निर्माण हो सकें और उनको टीन शेड आदि में बैठने को विवश न होना पड़े।







