Home उत्तर प्रदेश अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल, बीच सड़क पर पड़ा...

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल, बीच सड़क पर पड़ा रहा युवक

SIDHARTHNAGAR NEWS: बढ़नी से अपने घर कल्याण उर्फ ह्दयनगर जा रहे बाइक सवार युवक को मंगलवार रात एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर बीच सड़क पर ही पड़ा रहा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने उसे पीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
कल्याण उर्फ ह्दयनगर निवासी दिलीप कुमार (35) पुत्र सोमनाथ मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे अपनी बाइक से ब्रजेश्वरी इंटर कॉलेज के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान, एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिलीप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े रहे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस ने घायल को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. प्रदीप वर्मा ने बताया कि दिलीप को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत जिला अस्पताल/माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।