FATEHPUR NEWS: सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ रोड स्थित उधन्नापुर गांव की मोड़ के पास अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के उधन्नापुर गांव निवासी सुरेश का 30 वर्षीय पुत्र कमलेश बाइक से किसी काम से घर से निकला था। जब उसकी बाइक लखनऊ रोड पर गांव की मोड़ के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर लगने से कमलेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों ने तुरंत सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने भर्ती कर उसका उपचार शुरू कर दिया है। घायल के साथ अस्पताल पहुंचे उसके भाई विमलेश ने घटना की जानकारी दी।







