Home उत्तर प्रदेश अखिल भारतीय पत्रकार प्रेस क्लब की बैठक स्योहारा में सम्पन्न

अखिल भारतीय पत्रकार प्रेस क्लब की बैठक स्योहारा में सम्पन्न

नगर अध्यक्ष आरिफ हसन ज़ैदी को दिया नियुक्ति पत्र, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

SAHARANPUR NEWS: अखिल भारतीय पत्रकार प्रेस क्लब की जिला स्तरीय बैठक नगर स्योहारा के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा, जिला प्रभारी नितिन शर्मा और जिला महामंत्री मोहम्मद अरशद का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा ने नगर स्योहारा के वरिष्ठ पत्रकार आरिफ हसन ज़ैदी को संगठन का नगर अध्यक्ष नियुक्त करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारिता को निष्पक्षता और निडरता के साथ आगे बढ़ाना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कोई व्यक्ति आर्थिक लाभ की चाह लेकर संगठन से जुड़ता है, तो उसका इस मंच से कोई संबंध नहीं है। यह संगठन केवल उन्हीं पत्रकारों के लिए है, जो सच्चाई को उजागर करने का साहस रखते हैं। नगर अध्यक्ष आरिफ हसन ज़ैदी ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर स्तर की पूरी टीम संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि क्लब पत्रकारों की असली आवाज़ है और यह मंच समाज की सच्चाई को सामने लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बैठक में नगर महासचिव फरीद अंसारी ने कहा कि अखिल भारतीय पत्रकार प्रेस क्लब पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम है। उपाध्यक्ष डॉ. इकबाल अहमद ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है और संगठन की असली ताक़त इसकी निडर कलम है। कोषाध्यक्ष मोहम्मद इकराम ने कहा कि एकजुटता ही संगठन की मजबूती है और सभी साथियों को मिलकर इसे और सशक्त बनाना होगा। नगर सचिव हसन इमाम नकवी ने कहा कि क्लब का ध्येय जनहित और निष्पक्ष पत्रकारिता को प्रोत्साहन देना है। कानूनी सलाहकार अनुराग भटनागर ने कहा कि संगठन पत्रकारों को हर स्तर पर कानूनी और नैतिक सहयोग देने के लिए तत्पर रहेगा।  पत्रकार सुब्हान फरीदी ने कहा कि यह मंच निडर पत्रकारों की आवाज़ है और सच्चाई की राह पर चलने वालों को ही यहां सम्मान मिलेगा। पत्रकार आकाश तोमर ने कहा कि क्लब युवा पत्रकारों को सही दिशा देने और उन्हें सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। बैठक में जिला प्रभारी नितिन शर्मा और जिला महामंत्री मोहम्मद अरशद ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि अखिल भारतीय पत्रकार प्रेस क्लब पत्रकारों की आवाज़ को बुलंद करने वाला सबसे बड़ा मंच है। उन्होंने नगर कमेटी की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि जिले और नगर की टीम आने वाले समय में संगठन को नई पहचान दिलाएगी। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और पत्रकारों ने संकल्प लिया कि अखिल भारतीय पत्रकार प्रेस क्लब को जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर पर भी सबसे मज़बूत संगठन के रूप में स्थापित किया जाएगा।