AMETHI NEWS: समाज में धार्मिक प्रवृत्तियों की कमी नहीं है लेकिन समाज में व्यापक बदलाव, लोगों की आस्थाओं में आमूलचूल परिवर्तन, भौतिकतावादी मानसिकता की अंधी दौड़ पर अध्यात्म का अंकुश लगाना, लोगों को सादा जीवन – उच्च विचार की रीति नीति को अपनाने के लिए प्रेरित करना, मूढ़ मान्यताओं, अंधविश्वासों और कुरीतियों से समाज को बाहर निकाल कर लोगों के व्यक्तित्व को उठाने की आवश्यकता है। यह काम एक सच्चा श्रद्धावान साधक कर सकता है। यह बातें गायत्री शक्तिपीठ अमेठी में आयोजित जप अनुष्ठान में पंडित अखिलेश पाण्डेय ने साधकों के सामने रखा। जप अनुष्ठान में साधकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित जप अनुष्ठान में मंगलवार को प्रातः आए श्रद्धालुओं ने गायत्री शक्तिपीठ में होने वाली नियमित हवन पूजन में भाग लिया। हवन के उपरांत साधकों ने जप अनुष्ठान किया। अनुष्ठान के प्रारंभ में गायत्री जप, अनुष्ठान की असीम महिमा के बारे में गायत्री परिवार अमेठी के जिला समन्वयक डॉ त्रिवेणी सिंह ने भी अपनी बात साधकों के समक्ष रखा। बड़ी संख्या में आए क्षेत्र के लोग भी श्रावण माह में वृक्षारोपण आदि के साथ पूजा अर्चना कर रहे हैं। मंत्र जप में डा सत्येन्द्र श्रीवास्तव, सुनीता सिंह,संगीता तिवारी, संगीता शर्मा, विन्दू सिंह, दिनेश सिंह, शीला जायसवाल, शिव प्रसाद तिवारी, के साथ बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।







