SIDHARTH NAGAR: 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नगर पंचायत बढ़नी बाजार स्थित गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज में एक गरिमामय कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस आयोजन में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा 46 यूपी बटालियन एनसीसी जूनियर डिवीजन के कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान, कैडेटों को बाइब्रेन्ट विलेज प्रोग्राम (वीवीपी) की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती ग्रामों में आधारभूत संरचना का विकास करना है। सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) बढ़नी के असिस्टेंट कमांडेंट संजय के.पी. ने अपने संबोधन में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का प्रयोजन स्वास्थ्य कल्याण एवं शांति हेतु योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बताया कि योग का लक्ष्य शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को संवर्धित करना है। उन्होंने योग को भारत की प्राचीन परंपरा का अनुपम उपहार बताते हुए, इसके अभ्यास के माध्यम से वैश्विक समरसता एवं शांति को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में विद्यालय के एनसीसी सेकंड ऑफिसर शंभू नाथ गुप्ता, एसएसबी से पंकज कुमार, सेवानिवृत्त वरिष्ठ अध्यापक रामेश्वर प्रसाद चौधरी, अनिल कुमार यादव, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, नंद किशोर शर्मा, शोभित अग्रवाल, संजय जायसवाल, रामकृपाल पाण्डेय, संगम जायसवाल सहित एनसीसी कैडेटों एवं अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।







