KAUSHAMBI NEWS: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, मंझनपुर में शुक्रवार को जनपद स्तरीय दो दिवसीय कला एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी “अंकुरित” का समापन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य निधि शुक्ला के नेतृत्व में हुआ। समापन अवसर पर प्राचार्य ने प्रतिभागी शिक्षकों की ओर से प्रदर्शित विभिन्न कला व क्राफ्ट कृतियों का अवलोकन किया और उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कला व क्राफ्ट विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, नवाचार क्षमता व अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और रोचक बनाने के लिए कला-आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि “अंकुरित” कला प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों व प्रशिक्षुओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना और विद्यार्थियों में नवाचार और सृजनशीलता की भावना को प्रोत्साहित करना है। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार की कलात्मक व हस्तशिल्प कृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम के नोडल प्रवक्ता राजेंद्र कुमार भारतीय रहे। इस दौरान डायट के प्रवक्ता, प्रशिक्षु शिक्षकों व शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।







