व्यस्त सड़क से ओवरलोड वाहन से बना रहता है हादसे का खतरा
FATEHPUR NEWS: फतेहपुर से डलमऊ होकर रायबरेली या अन्यत्र जगह को जाने वाला मार्ग जिसके बीच में स्थित हुसैनगंज कस्बे के चौराहे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है। पिछले तीन महीनों से यहां रोजाना शाम को तीन से चार घंटे तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इस मार्ग पर 500 से अधिक ओवरलोड ट्रक गिट्टी-मोरम ले जाते हैं। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम के दौरान न तो दोपहिया वाहन निकल पाते हैं और न ही पैदल चलने वालों को रास्ता मिल पाता है। इस विषय में स्थानीय निवासी राजेंद्र सैनी, अरविंद कुमार, राजू और ज्ञान सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से इस समस्या को हल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। जाम के कारण सड़क की स्थिति भी खराब होती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। लोग रोज के लगते जाम से निजात चाह रहे हैं। क्योंकि पहले भी इस ओर से ओवरलोड वाहनों का चलन तो था ही लेकिन इन दिनों असनी पुल के निर्माण कार्य के चलते लखनऊ को जाने वाले प्रत्येक साधन चाहे वो रोडवेज बस हो या फिर निजी वाहन अधिकतर इसी हुसैनगंज से डलमऊ मार्ग होकर निकलते हैं जिससे सड़क पर लोड बढ़ने से सड़क ध्वस्तीकरण का भी खतरा बना रहता है और सबसे बड़ी बात तो कस्बा वासी जाम के जाम से निजात नहीं पा रहे हैं। वहीं इसी सड़क से विद्यालय जाने वाले छात्रों के अभिभावक भी अपने बच्चों के प्रति चिंतित रहते हैं और जब तक बच्चा स्कूल से घर वापस नहीं आता है तब तक मां – बाप बच्चे के साथ कोई सड़क हादसा या फिर कोई अनहोनी न हो जाए, इस बात से भी चिंतित रहते हैं।







