Home उत्तर प्रदेश हिंदू महासभा की मासिक बैठक में राम मंदिर दानपात्र चोरी पर जताया...

हिंदू महासभा की मासिक बैठक में राम मंदिर दानपात्र चोरी पर जताया रोष, राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजने का ऐलान

FATEHPUR NEWS: अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला इकाई की मासिक बैठक आईटीआई रोड स्थित कैंप कार्यालय में जिला अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं ने अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर के दानपात्रों में हुई चोरी की घटना पर गहरा दुख और रोष व्यक्त करते हुए सरकार से मामले में शामिल सभी आरोपियों, विशेषकर कथित बड़े साजिशकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बैठक में बिहार के भोजपुर जिले में 27 वर्षीय युवा भरत तिवारी की कथित पुलिस कार्रवाई में हुई मौत पर भी शोक व्यक्त किया गया। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। बैठक को संबोधित करते हुए हिंदू महासभा की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के दानपात्रों से चोरी की घटना अत्यंत गंभीर है और इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की कि चोरी के आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा यदि कानून के तहत संभव हो तो उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाए। साथ ही उन्होंने इस मामले में कथित बड़े आरोपियों की भी गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर साधु-संतों एवं अयोध्या के संतों को शामिल करते हुए नया ट्रस्ट गठित किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इस घटना से सनातन धर्म की छवि को नुकसान पहुंचा है और श्रद्धालुओं का विश्वास प्रभावित हुआ है। बैठक में निर्णय लिया गया कि इन दोनों मुद्दों राम मंदिर दानपात्र चोरी प्रकरण तथा भरत तिवारी प्रकरण को लेकर 13 जुलाई को देश के महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रयागराज मंडल उपाध्यक्ष रामगोपाल शुक्ला, स्वामी राम आसरे आर्य, करण सिंह पटेल, डॉ. प्रमोद पांडेय, संतोष नेता, मूलचंद गुप्ता, एस.के. गुप्ता, मुकेश चौरसिया, राज शर्मा, अनमोल शुक्ला, श्रवण कुमार, महिला जिला अध्यक्ष संगीता गुप्ता, सुधा सिंह, ओमलता सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।