PRATAPGARH NEWS: हापुड़ जिले में लेखपाल के हुए आकस्मिक निधन से आहत लेखपाल संघ ने सोमवार को तहसीलदार से मिलकर आक्रोश जताया। लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र तहसीलदार को सौंपा। लेखपाल संघ अध्यक्ष लालगंज कृष्ण कुमार सरोज ने संघ के पदाधिकारियों व साथियों के साथ हापुड़ जिले में साथी लेखपाल के हुए आकस्मिक निधन को लेकर आक्रोश जताया। लेखपाल संघ के अध्यक्ष कृष्ण कुमार सरोज की अगुवाई में चार सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार गरिमा वर्मा को सौंपा। ज्ञापन के जरिए संघ ने आरोप लगाया कि हापुड़ में लेखपाल सुभाष मीणा की मृत्यु जिलाधिकारी के दण्डात्मक व्यवहार एवं बिना जांच के झूठी शिकायत पर उत्पीडनात्मक कार्रवाई के चलते तनाव में आ जाने से हुई है। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों ने विविध कार्यो के दौरान अधीनस्थ को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने एवं दण्डित करने की प्रवृत्ति भी बढ़ रही है। जिससे कर्मचारी तनाव में नौकरी करने को विवश हैं। संघ ने ज्ञापन के जरिए लेखपाल की मौत को लेकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही मृतक आश्रित को आर्थिक सहायता व सरकारी सेवा में नियुक्ति तथा अधिकारियों को अधीनस्थ के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश निर्गत करने की मांग उठाई है। इस मौके पर संघ के मंत्री मोहम्मद अकरम खान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद कुमार यादव, शिवम सिंह, जितेन्द्र शुक्ल, राजू सरोज, कुलदीप राव आदि मौजूद रहे।







