Home उत्तर प्रदेश हाइवे किनारे गौशाला ने घायल बछड़े को रखने से किया इनकार, गौ...

हाइवे किनारे गौशाला ने घायल बछड़े को रखने से किया इनकार, गौ रक्षकों से गाली-गलौज

MIRZAPUR NEWS: सुनील कुमार गुप्ता जिले में निराश्रित गोवंश के संरक्षण की पोल खोलने वाला मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना में घायल बछड़े को हाइवे किनारे स्थित गौशाला में शरण न मिलने और गौ सेवकों से दुर्व्यवहार का आरोप लगा है। गौ रक्षक प्रज्ञान कुमार सिंह (निवासी गौतम लाहौली, राजपुर) ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है कि दो-तीन दिन पहले रास्ते में एक बछड़ा सड़क दुर्घटना में घायल अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई दिनों से वह बिना भूसा, चारा और पानी के वहीं पड़ा था। मानवता के नाते प्रज्ञान कुमार अपने साथियों के साथ बछड़े को उठाकर सेमरिया चौराहा के पास हाइवे के बगल स्थित गौशाला में ले गए। आरोप है कि गौशाला कर्मचारियों ने गेट खोलने से मना कर दिया और कहा- “इसको यहाँ क्यों उतार रहे हो, यह तुम्हारी है क्या?” जब गौ रक्षकों ने कहा कि यह गौशाला गायों के लिए ही बनी है, तो कर्मचारियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बछड़े को ले जाने को कहा। लिखित जवाब माँगने पर कर्मचारी मुकर गए। घटना का वीडियो गौ रक्षकों के पास मौजूद है। गौशाला से निराश टीम बछड़े को दूसरी जगह ले गई, जहाँ प्रधान विकास तिवारी ने तुरंत अपने गौशाला में रखने की स्वीकृति दे दी और उपचार शुरू कराया। कलेक्ट्रेट पहुँचे प्रज्ञान कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया और अपना सीयूजी नंबर देकर कहा कि भविष्य में गोवंश से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए सीधे संपर्क करें। गौ रक्षकों ने सवाल उठाया है- “जब निराश्रित गोवंश को गौशाला में ही नहीं रखा जाएगा तो फिर गौशाला है किस लिए? क्या यह प्राइवेट गौशाला है?” उन्होंने संबंधित गौशाला संचालकों के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र पर दिनांक 31/05/2026 और संपर्क नंबर 9619832621 अंकित है।