MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) ऊमर-ओमर वैश्य परिषद मिर्जापुर एवं विंध्य फाउंडेशन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को श्याम उत्सव वाटिका, मिर्जापुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार उपस्थित रहे। शिविर का शुभारंभ ऊमर-ओमर वैश्य परिषद के अध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने स्वयं रक्तदान कर किया। शिविर में कुल 42 लोगों ने रक्तदान हेतु पंजीकरण कराया, जिनमें चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 27 लोगों को रक्तदान के लिए उपयुक्त पाया गया और उनका रक्त संग्रह किया गया। जिला चिकित्सा केंद्र के सहयोग से आयोजित इस शिविर का संचालन मुख्य चिकित्सक डॉ. उमेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम संयोजक विनोद कुमार गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार एवं आयोजक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। आपके द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है। स्वस्थ नागरिकों को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में आगे बढ़कर भाग लेना चाहिए। शिविर में रक्तदाताओं एवं सहयोगियों ने स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से मानव सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और परोपकार का प्रेरणादायक संदेश दिया। आयोजक संस्थाओं ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।







