बीएसए शिक्षकों का दो को करेंगे सत्यापन, तबादला होगा चार को
प्रयागराज। बेसिक शिक्षा परिषद उप्र ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कर रहे प्रधानाचार्य और सहायक अध्यापकों के स्वैच्छिक तबादले का एक अवसर फिर दिया है। नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम – 2009 एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार नियमावली- 2021 के मन मानको के आधार पर छात्र ,शिक्षक अनुपात की गणना करते हुए प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापकों की आवश्यकता वाले एवं आवश्यकता से अधिक शिक्षक वाले विद्यालयों को चिन्हित करते हुए वह सूची ऑनलाइन सोमवार को बेसिक शिक्षा के पोर्टल पर प्रदर्शित कर दी जाएगी।
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापकों के स्वेच्छा से अंत: जनपद स्थानांतरण और समायोजन के लिए ऑनलाइन आवेदन 29 जुलाई मंगलवार से एक अगस्त तक ऑनलाइन लिया जाएगा। संबंधित जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन सत्यापन की 2 अगस्त को किया जाएगा। सचिव ने बताया कि एनआईसी से विकसित सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापकों के स्थानांतरण की कार्रवाई करते हुए तबादले की सूची 4 अगस्त को जारी की जाएगी । सचिव बेसिक शिक्षा परिषद सुरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि स्वैच्छिक तबादले के लिए प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक आवेदन कर सकते हैं।






