जनता को बेहतर उपचार और सुविधाएं दिलाना प्राथमिकता : डॉ. शिशिर पुरी
JHANSI NEWS: जनपद को नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के रूप में डॉ. शिशिर पुरी का नेतृत्व प्राप्त हुआ है। औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करते हुए जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनोन्मुखी बनाने का संकल्प व्यक्त किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ प्रारंभिक बैठक कर जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉ. शिशिर पुरी ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा शहरी स्वास्थ्य इकाइयों की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जनपद में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, टीकाकरण अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नवनियुक्त सीएमओ ने ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की जिम्मेदारी है। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यक्षमता बढ़ाने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नए सीएमओ का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई। स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि डॉ. शिशिर पुरी के अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से झांसी की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।







