JAUNPUR NEWS: (अली मेहदी) जनपद में अपराध नियंत्रण और सोशल मीडिया पर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत सिकरारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 अराजक तत्वों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना सिकरारा पुलिस ने विभिन्न गांवों में अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए युवक सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों, रंगबाजी, मनबढ़ई और हिंसक व अक्रामक पोस्ट साझा कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी 13 आरोपितों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर चालान करते हुए न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में मछलीशहर, कसनही, मधईपुर, गहनी और मलसिल गांवों के निवासी युवक शामिल हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, उपनिरीक्षक श्रीधर शुक्ला, हेड कांस्टेबल दुर्गेश गौड़ तथा कांस्टेबल अभिमन्यु यादव, पंकज यादव, सुदामा और संजय यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







