Home उत्तर प्रदेश सेफर इंटरनेट डे पर कलेक्ट्रेट में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

सेफर इंटरनेट डे पर कलेक्ट्रेट में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

FATEHPUR NEWS:  शासन की मंशानुरूप एवं जिलाधिकारी रविंद्र सिंह के मार्गदर्शन में मंगलवार को “सेफर इंटरनेट डे” के अवसर पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला सूचना विज्ञान अधिकारी द्वारा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट, फतेहपुर में आयोजित किया गया। कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को “सेफर इंटरनेट डे” के उद्देश्य से अवगत कराते हुए इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं द्वारा बताया गया कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट का उपयोग जहां सुविधाजनक है, वहीं इसके दुरुपयोग से साइबर ठगी, डेटा चोरी, फिशिंग, हैकिंग एवं ऑनलाइन उत्पीड़न जैसी घटनाएं भी बढ़ रही हैं, जिनसे सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सावधानियों जैसे मजबूत पासवर्ड का प्रयोग, ओटीपी एवं निजी जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक या कॉल से बचने, सोशल मीडिया पर गोपनीयता बनाए रखने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने कहा कि “सेफर इंटरनेट डे” का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाना है, ताकि लोग तकनीक का सही और सुरक्षित उपयोग कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। सभी ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों को उपयोगी बताते हुए इसे आमजन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, समाजसेवी एवं अन्य संबंधित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।