प्रधान हेमलता पटेल के नेतृत्व में लगी चौपाल
FATEHPUR NEWS: विकास खंड बहुआ की ग्राम पंचायत सुजानपुर (बहुआ देहात) स्थित मिनी सचिवालय भवन में शनिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत एक खुली बैठक एवं सुशासन चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान एवं ‘गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक’ की अध्यक्ष हेमलता पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। बैठक में ग्राम पंचायत सचिव जितेंद्र कुमार की उपस्थिति में ‘आवास प्लस सर्वेक्षण’ के तहत तैयार की गई 229 पात्र लाभार्थियों की सूची का सार्वजनिक रूप से वाचन किया गया। खुले मंच पर पूरी पारदर्शिता के साथ सूची पढ़े जाने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से इसका समर्थन किया। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की पारदर्शी कार्यशैली और सुशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब सरकारी योजनाओं की जानकारी समय पर और सीधे आमजन तक पहुंच रही है, जिससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी हो रही है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने कहा, “गांव के हर अंतिम और वास्तविक पात्र व्यक्ति को उसका अधिकार दिलाना ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पंचायत टीम हर कदम पर ग्रामवासियों के साथ खड़ी है।” बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई तथा ग्रामीणों की शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुमन, रंजना, रमेश, नफीस, रेखा, सुधा, राजरानी, सुनीता, अनिल, अनुराग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







