Home उत्तर प्रदेश सीडीओ का एआरटीओ कार्यालय पर छापा:ऑपरेटर बर्खास्त,दलाल पर एफआईआर कराने के निर्देश

सीडीओ का एआरटीओ कार्यालय पर छापा:ऑपरेटर बर्खास्त,दलाल पर एफआईआर कराने के निर्देश

LAKHIMPUR KHERI NEWS: मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार ने एआरटीओ कार्यालय पर औचक छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान एक कंप्यूटर ऑपरेटर की सेवाएं समाप्त कर दी गईं, जबकि एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर सीडीओ अभिषेक कुमार ने कार्यालय पहुंचते ही मुख्य गेट बंद कराकर जांच शुरू की। जांच के दौरान बेहजम क्षेत्र के कैमाखादर निवासी इश्तियाक अपने साथ रवि पुत्र प्रेमशंकर के साथ वाहन ट्रांसफर कराने के लिए मौजूद था।पूछताछ में रवि ने पहले खुद को रिश्तेदार बताया, लेकिन सख्ती करने पर उसने काम कराने के लिए पैसे लेने की बात स्वीकार की। इस पर सीडीओ ने एआरटीओ को रवि के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।इसी क्रम में, अर्जुनपुरवा निवासी शुभम गुप्ता ने शिकायत की कि ड्राइविंग लाइसेंस को लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी) में बदलने के लिए निर्धारित 400 रुपये के बजाय 1500 रुपये लिए गए हैं। शिकायत मिलने पर सीडीओ तुरंत इंस्टेंट सॉल्यूशन सेंटर काउंटर पहुंचे। वहां कंप्यूटर ऑपरेटर कमर अली ने 1500 रुपये लेने की बात स्वीकार कर ली। तलाशी में पैसे भी बरामद हुए, जिसके बाद सीडीओ ने उसकी सेवाएं तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान राधेश्याम नामक एक व्यक्ति ने बताया कि वह नवंबर से अपनी गाड़ी का बंधक कटवाने के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसका काम नहीं हो रहा है। इस पर सीडीओ संबंधित काउंटर पर पहुंचे, जहां कनिष्ठ सहायक आशीष श्रीवास्तव कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सीडीओ ने उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।सीडीओ अभिषेक कुमार ने इस संबंध में कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार या दलाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।