JHANSI NEWS: नगर विधायक रवि शर्मा ने नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, मुख्य अभियंता एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ महानगर के वार्ड नंबर 31 स्थित आईटीआई क्षेत्र में रेलवे अंडर ब्रिज से हरिकिशन डिग्री कॉलेज होते हुए शिवपुरी हाईवे तक बनाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यह कार्य मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के अंतर्गत कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान नगर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क का चौड़ीकरण कर शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक एवं सुगम बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है, जिससे आमजन को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क निर्माण कार्य में भूमिगत यूटिलिटी डक्ट, आधुनिक फुटपाथ, ग्रीन जोन, सौर ऊर्जा से संचालित स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड डालने का कार्य किया जा रहा है। इससे सड़क के दोनों ओर की साइड पटरी को आकर्षक स्वरूप मिलेगा और शहर का सौंदर्यीकरण भी होगा।
नगर विधायक ने कहा कि सड़क के नीचे बनाए जा रहे यूटिलिटी डक्ट के माध्यम से भविष्य में बिजली और पानी की पाइपलाइन डालने अथवा मरम्मत कार्य के लिए सड़क को बार-बार खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे जनता को असुविधा से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय सभासद रितिका गौरव तिवारी, प्रवीण लखेरा, अरविन्द झा, रजनीश देव शर्मा, चन्द्रप्रकाश सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







