Home इटावा सिरहोल का कच्चा रास्ता बना हादसों का अड्डा बारिश में फिसलकर घायल...

सिरहोल का कच्चा रास्ता बना हादसों का अड्डा बारिश में फिसलकर घायल हो रहे लोग

सिरहोल गांव का दलदली रास्ता, जहां से गुजरना हर दिन चुनौती

ETAWA NEWS: ग्राम सिरहोल का 100 मीटर कच्चा रास्ता अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत का synonym बन गया है। बरसात में यह रास्ता ऐसा दलदल बन गया कि यहां से गुजरना जान जोखिम में डालने के बराबर है। स्कूली बच्चों के कपड़े हर दिन गंदे हो रहे हैं, बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं और बुजुर्ग इस रास्ते से गुजरने में डर रहे हैं। परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया है। ग्राम सिरहोल निवासी विकास प्रताप पुत्र बृजेश ने डीएम को दिए पत्र में आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान से लेकर विकासखंड और तहसील स्तर के अधिकारियों  को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन सबने आंखें मूंद रखी हैं। उन्होंने कहा—“कागजों पर विकास की इबारत लिखी जा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि हमारे गांव के लोग आज भी कच्चे रास्ते की सजा भुगत रहे हैं।”ग्रामीणों ने बताया कि इस दलदली रास्ते पर कई बाइक सवार फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। बरसात में स्कूल जाने वाले बच्चे कपड़े गंदे करके ही पहुंचते हैं। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता रोजमर्रा का संघर्ष बन चुका है। उन्होंने कहा—“सड़क नहीं बनी तो बरसात में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी नामुमकिन होगा।” ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जल्द से जल्द कच्चे रास्ते पर मिट्टी डालकर या ईंट बिछाकर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस बार भी उनकी फरियाद अनसुनी रही तो वे मजबूर होकर उग्र प्रदर्शन करेंगे।